डबवाली-- हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस के शासनकाल के दौरान जितने विकास कार्य हुए हैं, उतने विकास के कार्य किसी अन्य दल की सरकार के रहते हुए नहीं हुए। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने पूरे हरियाणा में जो विकास की गंगा बहाई है, उन्हीं विकास कार्यों को देखते हुए हरियाणा प्रदेश की जनता उन्हें तीसरी बार विजयी बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी और श्री हुड्डा हैट्रिक लगाकर मुख्यमंत्री बनेंगे जोकि हरियाणा की राजनीति में एक कीर्तिमान होगा। यह दावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व एक्स चेयरमैन एडवोकेट कुलदीप सिंह गदराना ने एक भेंटवार्ता में किया। श्री गदराना एक निजी कार्य के लिए डबवाली पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा-हजकां गठबंधन का कांग्रेस को कोई नुक्सान नहीं होगा बल्कि यह गठबंधन इनेलो के वोट बैंक में सेंध लगाने का काम करेगा। जिसका फायदा कांग्रेस को पहुंचेगा। एक प्रश्र के उत्तर में श्री गदराना ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भाजपा-इनेलो गठबंधन करवाने में कड़ी नहीं बन सकते। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय स्तर की पार्टी है और भाजपा अब इनेलो से हाथ मिलाकर अपनी छवि को धूमिल नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि इनेलो द्वारा चलाया जा रहा पोल खोल अभियान एक ड्रामे से ज्यादा कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस पार्टी को कोई नुक्सान नहीं होगा बल्कि इससे कांग्रेस को फायदा ही होगा। क्योंकि चौ. देवी लाल के समय से जुड़े पार्टी कार्यकर्ता चौटाला परिवार की तीसरी पीढ़ी से सामंजस्य नहीं बिठा पा रहे हैं और उन्हें वरिष्ठ व बुजुर्ग कार्यकर्ता होने के नाते वह सम्मान भी नहीं मिल पा रहा है। जिससे कहीं न कहीं वह कार्यकर्ता अपने आप को निराशा की स्थिति में देख रहे हैं। श्री गदराना ने आगे कहा कि जेबीटी घोटाला में जेल गए इनेलो सुप्रीमों चौ. ओम प्रकाश चौटाला, उनके विधायक पुत्र अजय चौटाला व अन्य को उनकी करनी का फल मिला है। इससे यह साबित हो गया है कि कानून सबके लिए बराबर है वह किसी राजनेता की जागीर नहीं हैं। कानून अपना कार्य कर रहा है और सीबीआई ने कानून के दायरे में रहकर ही अपना काम किया है। इनेलो पार्टी पोल खोल अभियान के तहत सीबीआई जैसी देश की स्वतंत्र एजेंसी को सरकार की कठपुतली बताकर संविधान का भद्दा मजाक उड़ा रही है। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी के कार्यकर्ता व नेता अपनी पोल खुलती देख बौखलाहट में हैं और प्रदेश की भोली भाली जनता को गुमराह कर रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें