डबवाली में दहेज प्रताडऩा पर पति सहित ससुरालजन नामजद
शहर डबवाली पुलिस ने वार्ड नंबर-19 निवासी विवाहिता हरदीप कौर पुत्री सुखविंद्र सिंह की शिकायत पर पति सहित आधा दर्जन ससुरालजनों के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज किया है। पीडि़ता की ओर से पुलिस में दी गई शिकायत में बताया कि उसका विवाह 24 सितंबर 2017 को हुआ था। विवाह के समय उसके पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया। दहेज में मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, एलसीडी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, फर्नीचर, कपड़े, बिस्तर व अन्य सामान दिया। शिकायत में बताया कि विवाह के कुछ समय तक तो सामान्य रहा लेकिन बाद में ससुरालजन उसे कम दहेज का ताना मारने लगे। कहने लगे कि तु कार तो लेकर नहीं आई। कम दहेज लाकर समाज में नाक कटवा दी। बात-बात पर ताने मारने लगे, जबकि उसका पति नशेड़ी निकला, जोकि चिट्टे का आदी है। उसकी सास व ननदें उसके पति को उकसाती है और पति मारपीट करता है। उसे मारपीटकर घर से बाहर निकाल दिया। पिता द्वारा पंचायत करके और कुछ धनराशि देकर उसका घर बसाने की कोशिश की गई। लेकिन ससुरालजनों का व्यवहार क्रूर होता गया। उन्होंने दहेज के सामान को खुर्दबुर्द करना शुरू कर दिया। डबवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति जुगनू उर्फ मोहन सिंह, सास गुरदेव कौर निवासी लकड़ावाली, ननद राजेंद्र कौर पत्नी बलविंद्र सिंह निवासी सैनवाला बठिंडा, ननद सुखपाल कौर पत्नी सोनू सिंह निवासी सिरसा, सुक्खी उर्फ सुखविंद्र कौर पत्नी नवजीत फौजी निवासी झनीर के खिलाफ भादंसं की धारा 323, 406, 498ए, 506 के तहत मामला दर्ज किया है।
No comments:
Post a Comment