100 करोड़ की सीवरेज योजना बनी भ्रष्टाचार की शिकार! चौटाला गांव की हालत देखकर हर कोई हैरान मुख्यमंत्री साहिब जी क्या अब बदलेगा गांव का भविष्य?
डबवाली, चौटाला |महाग्राम योजना के तहत चौटाला गांव में 100 करोड़ से अधिक की लागत से सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य पिछले चार वर्षों से अधर में लटका है। ठेकेदार और विभाग द्वारा जगह-जगह गलियों और सड़कों को खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया है। जो सड़के बनी भी हैं, उनमें घटिया मैटेरियल और गलत लेवलिंग के चलते हालात बद से बदतर हैं।
गांववासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार धरना-प्रदर्शन किए और शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन सिस्टम और ठेकेदार की साठगांठ के चलते जांच रिपोर्ट भी सही तरीके से नहीं भरी गई। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मांग की है कि ईमानदार प्रशासनिक जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और कार्य जल्द पूरा कराया जाए।
स्वतंत्रता सेनानियों और नेताओं की धरती माने जाने वाले चौटाला गांव की बदहाली यहीं खत्म नहीं होती। किसानों को सिंचाई के पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। पीने के पानी की स्थिति इतनी खराब है कि कई परिवार 1000 रुपये देकर टैंकर मंगवाने को मजबूर हैं। गांव में बस अड्डा तक नहीं है और नागरिक अस्पताल संसाधनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों के बिना केवल नाम का रह गया है। ग्रामीणों ने बताया कि अस्पताल में चार नवजात शिशुओं और एक युवती की जान सुविधाओं के अभाव में जा चुकी है।
गांव का साहब राम स्टेडियम रोज सैकड़ों बच्चों की मेहनत का गवाह है, लेकिन वहां एक भी सरकारी कोच नहीं है। बच्चे प्राइवेट फीस भरकर ट्रेनिंग लेने को मजबूर हैं। वहीं नशे की लत के चलते गांव के कई नौजवान अपनी जान गंवा चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सैनी पहली बार डबवाली आ रहे हैं और चौटाला के लोग उनसे उम्मीद करते हैं कि वे इस ऐतिहासिक गांव की जमीनी समस्याओं को सुनेंगे और जल्द समाधान करेंगे।

No comments:
Post a Comment