डबवाली में 20 साल पुरानी बैंक डकैती का राज़ खुला ! ऑपरेशन ट्रैकडाउन में औढ़ा पुलिस ने 6वां आरोपी दबोचा
डबवाली | 27 नवंबर राज्य में चल रहे ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत औढ़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 20 साल पुराने पीएनबी बैंक डकैती केस में फरार चल रहे छठे आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह के निर्देशों पर पूरे प्रदेश में वांछित, फरार और आदतन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान का लक्ष्य कानून-व्यवस्था मजबूत करना है।
थाना औढ़ा के प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि 17 जनवरी 2005 को पंजाब नेशनल बैंक, गांव चोरमार खेड़ा में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला था। बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों को धमकाकर 35 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक .303 राइफल व कारतूस लूट लिए थे।
इस मामले में तत्काल FIR दर्ज हुई और जांच के दौरान 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। इनमें से दो आरोपी अदालत से बरी, जबकि दो की मौत हो चुकी है। छठा आरोपी लगातार फरार था।
पुलिस ने अब इस मामले में वांछित अपराधी अनूप सिंह उर्फ नुप्पा, निवासी वादियां (जिला श्री मुक्तसर साहिब, पंजाब) को दबोच लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
औढ़ा पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत फरार अपराधियों की तलाश अब और तेज की जाएगी।

No comments:
Post a Comment