एक स्कॉर्पियो, तीन तस्कर और 256 ग्राम मौत: डबवाली CIA की बड़ी कार्रवाई, डबवाली पुलिस दोपहर को करेगी और सनसनीखेज खुलासा!
डबवाली : हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर नशा तस्करी के खिलाफ जारी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। आज डबवाली CIA ने वाणिज्यिक मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
डबवाली के इंदिरा नगर स्थित लाल गोदाम रोड के समीप गुप्त सूचना पर काम करते हुए CIA की टीम ने काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका। तलाशी में गाड़ी से 256.13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ पित्ता (पिता सिकंदर सिंह), गुरविंदर सिंह उर्फ गिन्नी (पिता बलदेव सिंह) निवासी भागी बांदर, थाना तलवंडी साबो और राजबीर सिंह उर्फ गोरा (पिता महेंद्र सिंह) निवासी माईसर खाना, जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने यह नशीला पदार्थ वरिंदर सिंह उर्फ डिंपी निवासी तुंगवाली (बठिंडा) से खरीदा था। पुलिस ने चारों के खिलाफ NDPS एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
डबवाली पुलिस प्रवक्ता ने बताया की DSP कपिल अहलावत (हेडक्वार्टर, CIA डबवाली) आज दोपहर 12:30 बजे अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है और नशा सप्लाई चेन की पूरी जानकारी सामने आ सकती है।
यह वाणिज्यिक मात्रा में नशे की जब्ती है। NDPS एक्ट के अनुसार, वाणिज्यिक मात्रा में नशे की तस्करी पर 10 वर्ष से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है।
पुलिस को उम्मीद है कि यह गिरफ्तारी हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार साबित होगी।

No comments:
Post a Comment