डबवाली में पानी की बर्बादी पर एक्शन 26 लोगों को थमाए गए नोटिस, अवैध कनेक्शन होंगे खत्म
डबवाली, 13 मई 2025
डबवाली में पानी की बर्बादी पर अब सख्ती शुरू हो गई है। जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की टीम ने पांच दिन तक अलग-अलग इलाकों में चैकिंग कर 26 लोगों को नोटिस थमा दिए हैं। जिनके पास अवैध कनेक्शन या व्यावसायिक उपयोग में घरेलू कनेक्शन मिले हैं, उन पर अब कार्रवाई तय है।
कार्यकारी अभियंता विजय कुमार ने बताया कि विभाग की टीमें दो महीने तक लगातार फील्ड में रहेंगी और हर दिन चैकिंग की जाएगी। जिनके पास अवैध कनेक्शन हैं, उन्हें 7 दिन में नियमित करवाने होंगे, वरना उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा।
जांच के दौरान कई जगह घरेलू कनेक्शन से बगीचों में पानी देना, गलियों में टंकियों का ओवरफ्लो होना और धूल कम करने के लिए सड़कों पर पाइप से छिड़काव करते लोग मिले। कुछ व्यावसायिक संस्थानों में घरेलू कनेक्शन पाए गए, जिन्हें नोटिस देकर कनेक्शन बदलने को कहा गया है।
अभियंता ने स्पष्ट किया कि दूध डेयरी या सर्विस स्टेशन का कनेक्शन सीधा सीवर से जोड़ा गया तो ₹2000 तक जुर्माना लगेगा। वहीं, होटल, स्कूल, शोरूम और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में वर्षा जल संचयन (रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम) अनिवार्य है, नहीं लगाने पर ₹5000 का जुर्माना तय किया गया है।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर सप्लाई के समय नल खुला पाया गया, तो ऐसे कनेक्शन भी काटे जा सकते हैं। विभाग का मकसद सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि लोगों में जल संरक्षण की समझ बढ़ाना है।

No comments:
Post a Comment