कालांवाली में मेडिकल नशे की बड़ी खेप पकड़ी, 81 हजार से ज्यादा नशीली गोलियां-केप्सूल बरामद
डबवाली, 24 मई 2025 डबवाली पुलिस ने मेडिकल नशे के सौदागरों पर कड़ा शिकंजा कसते हुए मई महीने की दूसरी सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कालांवाली चौकी पुलिस ने मंडी कालांवाली में छापा मारकर एक घर से 81,900 नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद कर एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान चिराग गर्ग उर्फ चिंकी, पुत्र अशोक कुमार गर्ग, निवासी वार्ड नंबर 6, आईस फैक्ट्री के पास, मंडी कालांवाली के रूप में हुई है। वह घर में ही नशीली दवाओं का अवैध कारोबार चला रहा था।
चौकी शहर कालांवाली के प्रभारी PSI सुनील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने रेड कर आरोपी के घर से 32,400 प्रेगाबालिन कैप्सूल और 49,500 टैपेंटाडोल गोलियां जब्त कीं। यह दोनों दवाएं बिना वैध लाइसेंस और डॉक्टरी सलाह के रखना गैरकानूनी है। ड्रग इंस्पेक्टर से सत्यापन के बाद नशीली सामग्री को उनके हवाले कर दिया गया।
इससे पहले इसी महीने CIA कालांवाली ने एक कार सवार युवक जोगेंद्र को 72,400 नशीली गोलियों व कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया था।
एसपी डबवाली ने साफ कहा है कि मेडिकल नशे का अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार मेडिकल स्टोर संचालकों और मेडिकल एसोसिएशन के साथ संपर्क में है और उन्हें हिदायत दी जा रही है कि बिना डॉक्टर की सलाह और पर्ची के कोई भी दवा न दी जाए।
आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का यह अभियान आगे भी तेज़ी से जारी रहेगा।
.jpg)


No comments:
Post a Comment