गदराना में टूटा नशे का जाल! कालांवाली पुलिस ने पकड़ा 4.6 किलो डोडा चूरा पोस्त
डबवाली, 17 अक्टूबर। नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए थाना कालांवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गांव गदराना निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र बीकर सिंह को 4 किलो 683 ग्राम डोडा चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी पीएसआई सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस की विशेष टीम पीएसआई सतपाल के नेतृत्व में गश्त पर थी, जब उन्हें एक गुप्त सूचना मिली कि एक युवक नहर पटरी की ओर से नशा लेकर जा रहा है। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की और एक संदिग्ध युवक को हाथ में प्लास्टिक की कट्टी लिए देखा। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे काबू कर लिया।
पूछताछ में युवक की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश करेगी और रिमांड लेकर पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश करेगी। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

No comments:
Post a Comment