हरियाणा बीज विकास निगम किसानों की खुशहाली के लिए कोई कसर नही छोड़ेगा: चेयरमैन देव कुमार शर्मा -गांव गोरीवाला में बीज विकास निगम ने खोला सरकारी सेल्स सेंटर, बलदेव मांगेआना ने किया शुभारंभ
डबवाली-किसानों को कम दाम में गुणवत्तापरक बीज उपलब्ध करवाने के लिए हरियाणा बीज विकास निगम द्वारा गांव गोरीवाला में ऐलनाबाद रोड पर नया सेल्स सेंटर खोला गया है। इसका शुभारंभ शुक्रवार को डबवाली विधानसभा प्रतिनिधि बलदेव सिंह मांगेआना ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मार्केट कमेटी के चेयरमैन सतीश जग्गा, वाइस चेयरमैन अमी लाल एवं बीज विकास निगम के सिरसा प्लांट के मैनेजर मलकीत सिंह भी मौजूद रहे।
संबोधन में बलदेव सिंह मांगेआना ने कहा कि हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देवकुमार शर्मा द्वारा ग्रामीण आंचल में सेल्स सेंटर खुलवाना एक बेहतरीन प्रयास है। बीज विकास निगम द्वारा लगातार किसान हित में कदम उठाए जा रहे हैं। इस क्षेत्र के किसानों को बीज के लिए अब लाइनों में खड़े होकर परेशान नहीं होना पड़ेगा। उक्त सेल्स सेंटर में अच्छी क्वालिटी के बीज किसानों को कम रेट पर उपलब्ध होंगे जिससे उनके खेतों में पैदावार बढ़ेगी। उन्होंने किसानों को बीज विकास निगम के सेल्स सेंटरों से अच्छे बीज खरीदने का आह्वान किया । सतीश जग्गा ने कहा कि देवकुमार शर्मा हमेशा किसानों की चिंंता करते हैं और लगातार किसानों के हित में ही कार्य करते हैं। जब से वे चेयरमैन के पद पर बैठे हैं तभी से यह प्रयास कर रहे हैं कि सरकार की योजनाओं का किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
वहीं, चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आमदन बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं और किसानों को कम खर्च पर अच्छे बीज मुहैया करवाना भी उनका एक अहम कदम है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर गांवों में सेल्स सेंटर खोल कर उनके घर के नजदीक ही अच्छे बीज उपलब्ध करवाने का प्रयास निगम द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसानों को कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेल्स सेंटर खुलने से उन्हें अच्छे बीज लेने के लिए कहीं दूर नहीं जाना पड़ेगा। जो भी किसान अच्छा बीज लेना चाहे वह इस सेंटर पर आकर ले सकते हैं व हरियाणा बीज विकास निगम के साथ जुड़कर अन्य लाभ भी उठा सकते हैं। देवकुमार शर्मा ने कहा कि गोरीवाला के अलावा जिला सिरसा के अन्य गांवों में भी सरकारी सेल्स सेंटर खोलने की हरियाणा बीज विकास निगम की योजना है जिसे जल्द अमली जामा पहनाया जाएगा ताकि किसानों को कम रेट पर अच्छी क्वालिटी के बीज उपलब्ध हो सके। उन्होंने किसानों को विश्वास दिलाया कि उन्हें बीज की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जाएगा।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष जसवंत जाखड़, पार्षद विकास शर्मा, जगदीश माहर, कृष्ण जंडवाला, एडवोकेट धीरज महारुद्रा, रवि सुथार सहित सैंकडों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment