बेटी मनीषा से हुई बर्बरता पूरे देश के माथे पर कलंक- डॉ केवी सिंह
डबवाली न्यूज़ डेस्क
हाथरस में दलित बेटी मनीषा से हुए बर्बरतापूर्वक बलात्कार और योगी सरकार के असंवैधानिक कृत्यों के खिलाफ आज सिरसा में कांग्रेस पार्टी द्वारा ज़िला स्तरीय मूक सत्याग्रह का आयोजन कर बेटी मनीषा की आत्मा की शांति के लिए एवम् परिवार को दुःख की घड़ी में बल देने हेतु परमात्मा से प्रार्थना की गई।इस सत्याग्रह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ केवी सिंह सहित ज़िला सिरसा के अनेक नेताओं ने भाग लिया।मूक सत्याग्रह के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ केवी सिंह ने कहा कि योगी सरकार की नाकामी के चलते यूपी में जंगलराज की स्थापना हो गई है। आए दिन लूट हत्या बलात्कार की घटनाओं के कारण यूपी सहित पूरे देश में डर का माहौल बना हुआ है और अब जो बेटी मनीषा के साथ हुआ है, ये पूरे देश के माथे पर कलंक है। उन्होंने कहा कि बात केवल मनीषा की नहीं है बल्कि ये पूरी मानवता पर हमला है, और सरकार कार्यवाही करने की बजाय मामले को जो दबाने का काम कर रही है, उसकी जितनी निन्दा की जाए कम है।
डॉ सिंह ने कहा कि बेटी मनीषा से बलात्कार किया गया, उसकी जीभ काट दी गई और रीढ़ की हड्डी तक को तोड दिया गया लेकिन मेडिकल रिपोर्ट में इसका कहीं जिक्र नहीं किया गया। सरकार द्वारा रातों रात परिजनों के बगैर ही उसके शव को जला दिया गया जिससे सरकार की संवेदनहीनता का पता चलता है। उन्होंने कहा कि आम जन तो क्या राहुल गांधी एवम् प्रियंका जी को भी पीड़ित परिवार से बातचीत कर संवेदनाएं व्यक्त करने से रोकने का काम किया गया जिससे पता चलता है कि सरकार कुछ छुपा रही है और उनकी मंशा सच को उजागर करने की नहीं है। डॉ सिंह ने पूरे घटनाक्रम की निन्दा करते हुए मोदी एवम् योगी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इसी तरह सरकार ने लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की तो कांग्रेस पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और एकजुट होकर इसके खिलाफ लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सोचते हैं कि उनके पास लोकसभा में बहुमत का बड़ा आंकड़ा है और वो जो चाहे वो कर सकते हैं, लेकिन उन्हें शायद ये नहीं पता कि देश की जनता बहुत जागरूक है एवम् देश के लोकतंत्र की जड़ें बहुत गहरी है और जब जनता आक्रोशित हो जाती है तो दिल्ली के तख्तोताज ही बदल डालती है। उन्होंने कहा कि अभी भी मोदी जी को समझ जाना चाहिए और मन की बात की जगह जन की बात को सुनने का काम करना चाहिए, नहीं तो देश उन्हे समझाने का काम करेगा।
इस मौके पर सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवम् नेतागण मौजूद थे।

No comments:
Post a Comment