डबवाली को पूर्ण जिला बनाने की मांग को लेकर बड़ी मुहिम छेड़ेगा डबवाली विकास मंच
जिला मुख्यालय दूर होने के कारण वर्षों से दिक्कतें झेल रहे हैं डबवाली इलाके के लोग, पूर्ण जिला बनाने से ही होगा समस्या का समाधान: संजीव शाद

डबवाली
डबवाली को पूर्ण जिला बनाने की मांग को लेकर शहरवासियों के सहयोग से बड़ी मुहिम छेड़ी जाएगी। यह फैंसला आज वीरवार को डबवाली विकास मंच के पदाधिकारियों की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। मंच के संयोजक नरेश सेठी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुहिम चलाने की विस्तृत रुपरेखा पर चर्चा की गई। इसमें मंच प्रधान राजेश जैन, सलाहकार संजीव शाद, रवि मोंगा के अलावा विजयंत शर्मा एवं विपिन मोंगा ने विचार रखते हुए डबवाली को पूर्ण जिला बनाने की मांग को जोर शोर से उठाया।
चर्चा के दौरान संजीव शाद व रवि मोंगा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश में नए जिले बनाने का सर्वे करने के लिए चार मंत्रियों पर आधारित कमेटी का गठन किया है। इसमें डबवाली का नाम भी पूर्ण जिला बनाने के लिए प्रमुखता से शामिल किया गया है जोकि बहुत ही सराहनीय कदम है। डबवाली इलाके के लोगों की भी पुरजोर मांग है कि डबवाली को पूर्ण जिला बनाया जाए क्योंकि सिरसा जिला मुख्यालय से डबवाली शहर की दूरी 60 किलोमीटर है। अगर उपमंडल के गांव चौटाला से इसकी दूरी का आंकलन किया जाए तो यह करीब 90 किलोमीटर पड़ती है। इस प्रकार को डबवाली व काफी गांवों के लोगों को जिला स्तर पर होने वाले कार्यों के लिए वर्षों से दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। इसलिए अब समय आ गया है कि डबवाली को पूर्ण जिला बना दिया जाए।
मंच प्रधान राजेश जैन व विपिन मोंगा ने कहा कि हरियाणा के एक छोर पर स्थित होने के कारण डबवाली इलाका पिछड़ कर रह गया है। इसे पूर्ण जिला बनाकर सरकार को इसे तरक्की की राह पर अग्रसर करना चाहिए। विजयंत शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने डबवाली को पुलिस जिला बनाकर सराहनीय कार्य किया है। अब डबवाली को पूर्ण जिला बनाने के लिए भी सरकार को उचित कदम उठाने चाहिए। इसके लिए मुख्यमंत्री व कमेटी सदस्यों से मिलकर इलाकावासियों की मांग को उनके समक्ष रखा जाएगा।
मुहिम को लेकर मंच संयोजक नरेश सेठी ने बताया कि बैठक में यह निर्णय हुआ कि डबवाली को पूर्ण जिला बनाने की मांग जोर शोर से उठाया जाएगा। पहले चरण में शहरवासियों को साथ जोड़कर सोशल मीड़िया पर आवाज बुलंद की जाएगी। शहर की सभी सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं का भी समर्थन लिया जाएगा। इसके साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पत्र देकर उनसे डबवाली को पूर्ण जिला बनाने की मांग की ठोस पैरवी करने की मांग की जाएगी। इसके बाद पूर्ण जिला बनाने के लिए गठित कमेटी में शामिल मंत्रियों व मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन देकर डबवाली को पूर्ण जिला बनाने की जोरदार मांग उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि डबवाली विकास मंच द्वारा हरियाणा सरकार से इस मांग को पूरा करवाने के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेेगा।
No comments:
Post a Comment