भारतमाला पुल के पास पकड़ी गई थी ₹3 करोड़ की हेरोइन; अमृतसर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया मुख्य सप्लायर 'हैप्पी'
डबवाली, 6 जून 2026 सीमावर्ती क्षेत्र में नशे के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट को ध्वस्त करते हुए डबवाली पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। सीआईए (CIA) स्टाफ कालांवाली की टीम ने करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की 1 किलो 485 ग्राम हेरोइन तस्करी मामले के मुख्य मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए वांछित मुख्य तस्कर की पहचान हैप्पी सिंह उर्फ हरप्रीत के रूप में हुई है, जिसे पुलिस केंद्रीय जेल अमृतसर से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। अदालत ने आरोपी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। इस बड़े नेटवर्क में अब तक कुल 8 नशा तस्कर सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
भारतमाला पुल के पास दबोचे गए थे कार सवार तस्कर
पुलिस प्रवक्ता ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गत 13 अप्रैल 2026 को सीआईए कालांवाली की टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डबवाली-सिरसा रोड पर भारतमाला पुल के नजदीक घेराबंदी की और एक कार सवार तीन युवकों को काबू किया। तलाशी के दौरान उनके पास से 1 किलो 485 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह, राजदीप और अमनिंदर के रूप में हुई थी, जिनके खिलाफ थाना शहर डबवाली में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
कड़ी से कड़ी जुड़ी, तो सामने आया पूरा सिंडिकेट
गिरफ्तार तीनों आरोपियों से जब सीआईए ने गहनता से पूछताछ की, तो इस नशा नेटवर्क की परतें खुलती चली गईं। पूछताछ से मिली कड़ियों के आधार पर पुलिस टीम ने 16 अप्रैल 2026 को छापेमारी कर नेटवर्क से जुड़े चार और आरोपियों—श्रवण, नवदीप सिंह, अर्शदीप और हरतेज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से नशा तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक अन्य कार भी बरामद की गई। जांच में सामने आया कि ये चारों आरोपी हेरोइन की बिक्री से आने वाली मोटी रकम के बराबर के हिस्सेदार थे।
अमृतसर जेल में बंद था मुख्य सप्लायर
मामले की कड़ियां जोड़ते हुए डबवाली पुलिस ने जब मुख्य सप्लायर की तलाश शुरू की, तो पता चला कि मास्टरमाइंड हैप्पी सिंह उर्फ हरप्रीत अमृतसर की केंद्रीय जेल में बंद है। पुलिस ने तुरंत कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर नशा बेचकर कमाई गई अवैध नकदी बरामद की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि वह इतनी बड़ी खेप कहां से लेकर आया था।
नशा तस्करों को सख्त चेतावनी, जनता से सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक (SP) जसलीन कौर के कुशल मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत डबवाली पुलिस ने साफ कर दिया है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने आमजन से अपील की है कि वे डबवाली को नशा मुक्त बनाने में पुलिस का साथ दें। नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, या डबवाली पुलिस के विशेष नंबर 91389-999748 पर दें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
.jpg)
No comments:
Post a Comment