एसपी जसलीन कौर (IPS) की मुहिम रंग ला रही है। ANC स्टाफ ने 82 ग्राम अफीम मामले में वांछित मुख्य सप्लायर प्रवीण उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर सीधे जेल भेज दिया
डबवाली-डबवाली पुलिस ने क्षेत्र में पैर पसार रहे नशा माफिया की रीढ़ तोड़ने के लिए चौतरफा घेराबंदी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक (SP) जसलीन कौर, IPS के सख्त निर्देशों के तहत काम कर रहे एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) स्टाफ ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 82 ग्राम अफीम की बरामदगी के मामले में वांछित चल रहे मुख्य सप्लायर और नेटवर्क के मास्टरमाइंड प्रवीण उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है।
कड़ी से कड़ी जुड़ी और हत्थे चढ़ गया 'बॉस'
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 13 मई 2026 को एएनसी प्रभारी एएसआई रणजोध सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव मोडी के पास गश्त पर थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध युवक सुशील कुमार को रोककर तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 82 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पकड़े गए आरोपी सुशील से जब पुलिसिया अंदाज में पूछताछ की गई, तो उसने उगल दिया कि वह तो सिर्फ एक मोहरा है, असली माल (अफीम) उसे प्रवीण उर्फ सोनू नाम के सप्लायर ने सप्लाई किया था। इसके बाद एएनसी स्टाफ ने तकनीक और गुप्त सूचनाओं का जाल बिछाया। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी और मुख्य सप्लायर प्रवीण उर्फ सोनू को दबोच लिया।
सप्लाई चेन पर फोकस, कोई भी रसूखदार नहीं बचेगा: डबवाली पुलिस
डबवाली पुलिस ने साफ कर दिया है कि उनका निशाना सिर्फ छोटे पेडलर नहीं, बल्कि नशे के बड़े सौदागर हैं। पुलिस प्रवक्ता ने कहा, "नशे के काले कारोबार में शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। हम पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त कर रहे हैं।"
आपकी एक गुप्त सूचना बचा सकती है किसी का घर!
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आसपास कोई भी व्यक्ति नशा बेचता या तस्करी करता दिखे, तो तुरंत केंद्र सरकार के 'मानस' (MANAS) पोर्टल, राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1933, या डबवाली पुलिस के विशेष मोबाइल नंबर 91389-99731 पर सूचना दें। इसके अलावा 112 पर भी कॉल की जा सकती है। सूचना देने वाले का नाम और पहचान 100% गुप्त रखी जाएगी।

No comments:
Post a Comment