नशे के खिलाफ 'साइकिल' पर संग्राम: 25 हजार KM का सफर तय कर डबवाली पहुंचे सुभाष, SP निकिता खट्टर ने दिखाई हरी झंडी
डबवाली | नशा मुक्त समाज के संकल्प को लेकर देशभर में अलख जगा रहे साइकिल यात्री सुभाष चंद्र शनिवार को पुलिस जिला डबवाली पहुंचे। डबवाली पुलिस की 'नशा मुक्त मुहिम' से प्रभावित होकर सुभाष अब जिले के गांव-गांव और गली-गली जाकर युवाओं को जागरूक करेंगे। एसपी निकिता खट्टर (IPS) ने शनिवार को अपने कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा को रवाना किया।
इस दौरान एसपी ने भावुक अपील करते हुए कहा, "नशा सिर्फ एक बुराई नहीं, बल्कि हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ने वाला जहर है। अगर हमारा युवा स्वस्थ रहेगा, तभी देश का भविष्य सुरक्षित होगा।" यात्रा डबवाली के खालसा स्कूल पहुंची, जहां छात्रों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
22 राज्यों का सफर, अब डबवाली की बारी: साइकिल यात्री सुभाष चंद्र ने बताया कि वे अब तक देश के 22 राज्यों में 25,000 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुके हैं। डबवाली पुलिस के प्रयासों को देखकर उन्होंने अब स्थानीय स्तर पर 'हर घर नशा मुक्ति' का संदेश पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। इस मुहिम में थाना शहर प्रभारी देवीलाल, महिला थाना प्रभारी कमला देवी और नशा मुक्ति टीम के डॉ. अशोक वर्मा ने भी साइकिल चलाकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
गोपनीय रहेगी सूचना, 1933 पर करें कॉल: एसपी ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों की सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। लोग केंद्र सरकार के मानस पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर जानकारी दे सकते हैं। नशे की लत से पीड़ित लोग सहायता के लिए डबवाली पुलिस की हेल्पलाइन 91389-99731 पर संपर्क कर सकते हैं।

.jpg)


No comments:
Post a Comment