डबवाली में दरिंदगी: नाबालिग का अपहरण कर किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी 'काला' को दबोचा
डबवाली | 29 जनवरी पुलिस जिला डबवाली में महिलाओं और मासूमों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को महज 72 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना शहर प्रभारी निरीक्षक देवीलाल ने बताया कि 26 जनवरी को पीड़िता के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) और 96 के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की।
पुलिस ने जब पीड़िता को बरामद किया और लीगल एड काउंसिल के समक्ष उसके बयान दर्ज कराए, तो मामले में रूह कंपा देने वाला खुलासा हुआ। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं—64(1), 65(1), 351(3), 61(2) और 6/17 POCSO Act—जोड़ दीं।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान शुभम उर्फ काला पुत्र मुकेश कुमार, निवासी वार्ड नंबर 12, मंडी डबवाली के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश कर आगामी न्यायिक कार्यवाही शुरू की जाएगी। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

No comments:
Post a Comment