चौटाला पुलिस का 'गार्टर कांड' में बड़ा एक्शन: घर में घुसकर सरिया उखाड़ने वाला शातिर धरा, सलाखों के पीछे पहुंचा चोर
डबवाली। इलाके में चोरों के बढ़ते दुस्साहस पर लगाम लगाते हुए चौटाला पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने घर में घुसकर लोहे के गार्टर और सरिया चोरी करने की गुत्थी को महज कुछ ही दिनों में सुलझाते हुए आरोपी को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विनोद कुमार (पुत्र सुरजीत सिंह), निवासी जंडवाला बिश्नोईयां के रूप में हुई है।
क्या था पूरा मामला? दरअसल, जंडवाला बिश्नोईयां निवासी कृष्ण कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 28 दिसंबर की रात जब वह घर पर नहीं थे, तब अज्ञात चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर के निर्माण में प्रयुक्त लोहे के भारी-भरकम गार्टर और सरिया उखाड़ लिए और फरार हो गए।
ऐसे बिछाया पुलिस ने जाल चौकी प्रभारी PSI सतपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने विनोद कुमार को घेराबंदी कर काबू किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा सामान (लोहे का गार्टर) भी बरामद कर लिया है। आरोपी को आज डबवाली न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

No comments:
Post a Comment