मौत की डोर पर पुलिस का प्रहार: कालांवाली में प्रतिबंधित चाइनीज मांजा का बड़ा भंडाफोड़
डबवाली, 12 जनवरी 2026 | आमजन की सुरक्षा पर मंडरा रहे खतरे को खत्म करने के लिए डबवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। चौकी कालांवाली पुलिस ने प्रतिबंध के बावजूद बेचे जा रहे जानलेवा चाइनीज मांजा के 28 बंडल एक दुकान से बरामद किए हैं। यह कार्रवाई बच्चों, युवाओं, राहगीरों और बेज़ुबान पक्षियों की जान बचाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
चौकी कालांवाली प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक दुकान पर प्रतिबंधित चाइनीज मांजा का भंडारण और बिक्री हो रही है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने तुरंत दबिश दी। वाटर वर्क्स कालांवाली के पास स्थित पतंगों की दुकान से मौके पर 28 बंडल चाइनीज मांजा बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने बरामद सामग्री जब्त कर दुकान संचालक उमा शंकर (निवासी वार्ड नंबर-11, मंडी कालांवाली) के खिलाफ धारा 223(a), भारतीय न्याय संहिता के तहत थाना कालांवाली में मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चाइनीज मांजा अत्यंत धारदार होता है, जिससे पतंगबाजी के दौरान गला कटने, गंभीर हादसे और पक्षियों की मौत जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। इन्हीं खतरों को देखते हुए सरकार ने इसकी बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है।
डबवाली पुलिस ने दुकानदारों और आम नागरिकों से स्पष्ट अपील की है कि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित चाइनीज मांजा का न तो इस्तेमाल करे और न ही इसकी खरीद-फरोख्त या भंडारण करे। नियमों की अनदेखी करने वालों पर बिना किसी रियायत के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे अवैध और जानलेवा सामान के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।
जनहित अपील:
यदि कहीं भी चाइनीज मांजा की बिक्री या भंडारण की सूचना मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें—आपकी एक सूचना किसी की जान बचा सकती है।
.jpg)
No comments:
Post a Comment