हमें अपने बहादुर जवानों के शौर्य व बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए- जितेंद्र कुमार शर्मा
डबवाली न्यूज़ डेस्क
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रथम हरियाणा एयर स्क्वाड्रन एनसीसी हिसार तथा तृतीय हरियाणा बॉयज बटालियन एनसीसी हिसार के तत्वावधान में विजय दिवस की 50 वीं वर्षगांठ मनाई गई।इस अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता स्कूल प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार शर्मा ने की। एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य ने शहीदों को याद करते हुए कहा कि हमें अपने बहादुर जवानों के शौर्य व बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए जिन्होंने बलिदान देकर देश सेवा की रक्षा को अपना कर्तव्य माना। उन्होंने कैडेट्स से कहा कि आपको अपनी शक्ति तथा ऊर्जा को देश तथा समाज हित में लगाना चाहिए। राजनीतिक विज्ञान के प्रवक्ता प्रदीप पारीक ने कहा कि 16 दिसंबर 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत के उपलक्ष्य में ही इस दिन को विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी (एएनओ) सत्यपाल जोशी ने अपने संबोधन में एनसीसी कैडेट से कहा कि 1971 की लड़ाई में हमारे सैनिकों ने इतनी बहादुर से लड़ाई लड़ी कि आखिर में पाकिस्तानी सेना को आत्मसमर्पण करना पड़ा। जब-जब देश को जरुरत पड़ी है हरियाणा के जवान भी देश की रक्षा करने में अग्रणी रहे हैं। इस अवसर पर एनसीसी एयर विंग आर्मी तथा विद्यालय के छात्र छात्राओं ने देश की एकता अखंडता की शपथ ली। इस मौके पर विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

No comments:
Post a Comment