health

[health][bsummary]

sports

[sports][bigposts]

entertainment

[entertainment][twocolumns]

Comments

डबवाली की बिजली सप्लाई व्यवस्था में किए अभूतपूर्व सुधार, सभी समस्याओं का होगा स्थायी समाधान: विधायक आदित्य देवीलाल

डबवाली–डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल ने आज सोमवार को एक पत्रकार वार्ता में जनहित में किए गए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने विशेष रूप से बिजली व्यवस्था में किए गए अभूतपूर्व सुधारों, डबवाली के जिला बनने की प्रबल संभावनाओं और शहर की अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान पर प्रकाश डाला।

बिजली व्यवस्था में क्रांतिकारी सुधार:
विधायक आदित्य देवीलाल ने बताया कि डबवाली में व्याप्त अत्यधिक गर्मी और बिजली सप्लाई की चरमराती व्यवस्था को देखते हुए उन्होंने व्यक्तिगत रूप से बिजली आपूर्ति के दुरुस्तीकरण का बीड़ा उठाया। उन्होंने बताया कि शहर का पावर हाउस 'ब्लैक आउटÓ होने के कगार पर था, लेकिन उनके अथक प्रयासों से अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। विधायक बनने के बाद उन्होंने सर्वप्रथम बिजली व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि पावर हाउस के दो फीडरों को दो हिस्सों में बांटा गया ताकि वे ओवरलोड न हों। 12.5 एमवीए की अत्यावश्यक डिमांड को पूरा करने के लिए उन्होंने विद्युत मंत्री और विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की और विधानसभा में भी यह मांग उठाई।
उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप, 12.5 एमवीए का एक नया ट्रांसफार्मर पावर हाउस में स्थापित हो चुका है, जो पिछले चार दिनों से सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति कर रहा है। यह एक बड़ी उपलब्धि है जिससे शहरवासियों को राहत मिली है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न गली-मोहल्लों में आवश्यक 38 ट्रांसफार्मरों में से 20 को बदला जा चुका है, जिससे ओवरलोडिंग की समस्या का समाधान हुआ है। विधायक ने गर्व से बताया कि बिजली का इतने बड़े स्तर पर सुधार डबवाली में पहली बार किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार किए जा रहे हैं और पूरे विधानसभा क्षेत्र में बिजली संबंधी सभी समस्याओं को दूर किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि गलियों के बीचोबीच लगे बिजली के खंभों (पोल्स) को भी जल्द ही हटवाया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा।

डबवाली के पूर्ण जिला बनने की प्रबल संभावना:
डबवाली को पूर्ण जिला बनाने के मुद्दे पर उन्होंने बताया कि वे कमेटी के चेयरमैन कृष्ण पंवार से मिले थे। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि जिन पांच शहरों को जिला बनाया जाना है, उनमें डबवाली जिला बनने के सभी मापदंडों पर सबसे अधिक खरा उतरता है। डबवाली पहले ही पुलिस जिला बन चुका है और अब पूर्ण जिला बनने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार डबवाली के साथ 'दोगला व्यवहारÓ करती है, तो निश्चित तौर पर इसके लिए संघर्ष किया जाएगा ताकि डबवाली को उसका अधिकार मिल सके।
विधायक आदित्य देवीलाल ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए डबवाली के भविष्य को लेकर आशावादी दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि नगरपरिषद की पूर्व में खराब स्थिति में काफी सुधार आया है और शहर में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को धीरे-धीरे दूर किया जा रहा है। नगरपरिषद के माध्यम से नए पार्क बनाने सहित शहर की विभिन्न आवश्यकताओं को पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे प्रस्तावित आईआईटी को डबवाली में स्थापित करने की मांग:
सिरसा जिले में बनने वाली प्रस्तावित आईआईटी को डबवाली में स्थापित करने के सवाल पर विधायक ने कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर आग्रह करेंगे कि इस प्रतिष्ठित संस्थान को सिरसा की बजाय डबवाली क्षेत्र में बनाया जाए। उन्होंने बताया कि इसके लिए स्थानीय पंचायतें बनवाला 129 एकड़, राजपुरा रत्ताखेड़ा 85 एकड़, मलिकपुरा 44 एकड़ व भारूखेड़ा 165 एकड़ तक भूमि उपलब्ध करा सकती हैं, जिसके प्रस्ताव सरकार को भेज दिए जाएंगे। इस प्रकार डबवाली में जगह की अड़चन नहीं आने दी जाएगी। यह कदम डबवाली के शैक्षिक और आर्थिक विकास को नई गति देगा।
विधायक ने शहर में अतिक्रमण को लेकर भी अपनी दृढ़ता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस दिशा में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी आह्वान किया कि वे संकीर्ण राजनीति से ऊपर उठकर विकास कार्यों में सहयोग करें।

नशे पर चिंता और पुलिस से सहयोग की अपील:
आदित्य देवीलाल ने डबवाली क्षेत्र में बढ़ते नशे की समस्या पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर सामाजिक बुराई है और पुलिस को इस दिशा में पूरी संजीदगी और सक्रियता से काम करना चाहिए ताकि युवाओं को इस दलदल से बाहर निकाला जा सके।

विभिन्न मुद्दों पर दिए जवाब, कहा-समस्याएं को लेकर आवाज बुलंद करेंगे:
पत्रकारों के सवाल देते हुए उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को कम वेतन देने के मामले का मामला गंभीर है। सरकार द्वारा बहुत ही कम रेट पर सफाई के ठेके दिए गए है जो किसी घोटाले की ओर इशारा कर रहा है, इस पर्दाफाश करने के लिए वह तथ्य जुटा रहे हैं। वहीं, राम रिफाइनरी से होने वाले प्रदूषण से कई सीमावर्ती गांवों के लोगों को परेशानी होने पर मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह मामला पहले भी उन्होंने अधिकारियों के समक्ष उठाया है और आगे भी सरकार तक पहुंचाकर इसका स्थायी समाधान करवाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ इनेलो नेता संदीप चौधरी, नगरपरिषद चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा, वाइस चेयरमैन अमनदीप बांसल, गौरव मोंगा, संदीप गर्ग सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

No comments:

IMPORTANT-------ATTENTION -- PLEASE

क्या डबवाली में BJP की इस गलती को नजर अंदाज किया जा सकता है,आखिर प्रशासन ने क्यों नहीं की कार्रवाई