गोरीवाला क्षेत्र में 4 साल की मासूम की हत्या: आरोपी जेल भेजा गया, SIT जांच जारी
डबवाली | 21 दिसंबर डबवाली के चौकी गोरीवाला क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने जांच पूरी करते हुए मुख्य आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी संजय को अदालत के आदेश पर सिरसा जेल भेजा गया।
घटना 16 दिसंबर की है, जब गोरीवाला क्षेत्र से एक व्यक्ति ने अपनी पड़ोस की 4 वर्षीय बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच में सामने आया कि आरोपी संजय और एक अपचारी बालक बच्ची को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाते दिखाई दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। 17 दिसंबर को आरोपी संजय को गांव झुट्टी खेड़ा से गिरफ्तार किया गया। उसी दिन बच्ची का शव रिसालियाखेड़ा माइनर के खाल से बरामद हुआ, जिसे पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल मंडी डबवाली भेजा गया।
पुलिस ने अपहरण और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर DSP कपिल अहलावत के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। आरोपी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुख्ता सबूत सामने आने पर मामले में पोक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। अपचारी बालक को बाल सुधार गृह अंबाला भेज दिया गया।
पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में सिरसा जेल भेजने के आदेश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर (IPS) ने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और पुलिस निष्पक्ष, तेज और पारदर्शी जांच कर रही है। आरोपी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हर कानूनी कदम उठाया जाएगा।डबवाली पुलिस ने आमजन से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग की अपील की है।
.jpg)
No comments:
Post a Comment