साहिबजादों की शहादत को नमन: सिरसा में 26 दिसंबर को राज्य स्तरीय समारोह, सीएम नायब सैनी होंगे मुख्य अतिथि
सिरसा | 24 दिसंबर सिख इतिहास के स्वर्णिम अध्याय और अदम्य साहस की प्रतीक साहिबजादा जोरावर सिंह जी और साहिबजादा फतेह सिंह जी के सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए 26 दिसंबर को सिरसा में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू), सिरसा के मल्टीपर्पज हॉल में होगा, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इस समारोह का उद्देश्य नई पीढ़ी को साहिबजादों के अदम्य साहस, धर्म और मानवता की रक्षा के लिए दिए गए बलिदान से रूबरू कराना है, ताकि उनके आदर्श समाज में प्रेरणा बन सकें।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत की अध्यक्षता में अधिकारियों व प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन भी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन को गरिमामय, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।
उपायुक्त ने बताया कि समारोह के दौरान सिख इतिहास और साहिबजादों के जीवन पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें उनके शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को दृश्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यह प्रदर्शनी युवाओं और विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
प्रशासन ने सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और बैठने की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। आमजन सीडीएलयू गेट नंबर-2 (मिनी बाइपास) से प्रवेश करेंगे। वाहनों की पार्किंग सीवी रमन भवन के पीछे और डॉ. अंबेडकर भवन के पास निर्धारित की गई है, जबकि मीडिया व वीआईपी पार्किंग आईटी सेंटर के सामने रहेगी।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सिरसा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, भाजपा जिलाध्यक्ष डबवाली रेणु शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, एसडीएम राजेंद्र कुमार, जिला परिषद सीईओ डॉ. सुभाष चंद्र, नगराधीश अजय कुमार, डीएफएससी मुकेश कुमार, एओ प्रेम कुमार, रोडवेज यातायात प्रबंधक सुधीर कुमार, राजेंद्र सिंह देसूजोधा, बलदेव सिंह मांगेआना, सुरेंद्र सिंह वैदवाला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment