कालांवाली में ‘चिट्टा’ तस्करी पर पुलिस का वार, 6.6 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
डबवाली | 16 दिसंबर 2025 डबवाली क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कालांवाली में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। चौकी कालांवाली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक को 6 ग्राम 600 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सवा लाख रुपये आंकी जा रही है।
यह कार्रवाई हरियाणा पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन” के तहत की गई। अभियान के दौरान पुलिस लगातार संदिग्ध इलाकों में काम्बिंग और छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, चौकी कालांवाली प्रभारी पीएसआई प्रवीण कुमार के नेतृत्व में एएसआई कृष्ण कुमार अपनी टीम के साथ दादू रोड कालांवाली में गश्त पर थे। इसी दौरान दुर्गा मंदिर के पास खड़ा एक युवक पुलिस को देखकर घबराया और भागने की कोशिश करने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से 6.600 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान हैप्पी कुमार पुत्र सुभाष चंद्र, निवासी वार्ड नंबर-7, मंडी कालांवाली के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को बर्बाद करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

No comments:
Post a Comment