क्राउड फंडिंग के जरिए जुटाई 300 राशन किट, बाढ़ पीड़ितों में बांटने के लिए पंजाब पहुंचाई ,वहीं दिल्ली से मंगवाई 150 तिरपाल, कल पहुंचाई जाएंगी पंजाब
डबवाली।पड़ौसी सूबे पंजाब के कई जिले बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित हैं। ऐसी स्थिति में बड़े भाई पंजाब की मदद के लिए छोटा भाई हरियाणा आगे आया है। खासकर प्रदेश का सीमावर्ती जिला सिरसा। मंगलवार को डबवाली की सामाजिक संस्था अपने जालंधर जिले के उपमंडल शाहकोट के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई। संस्था 300 परिवारों के लिए राशन सामग्री, कपड़े आदि सामान भेजा है।
संस्था के प्रोजेक्ट इंचार्ज सुमित भारती ने बताया कि शाहकोट उपमंडल के गांव बाढ़ प्रभावित हैं। उपायुक्त सिरसा के जरिए शाहकोट प्रशासन से संपर्क हुआ था। प्रशासन ने 300 परिवारों के लिए राशन सामग्री की मांग की थी। जिस पर संस्था अपने ने 24 घंटे के भीतर क्राउड फंडिंग के जरिए 300 परिवारों के लिए राशन सामग्री की किट तैयार की। किट में पांच किलो गेहूं आटा, एक किलोग्राम चावल, एक किलोग्राम दाल, एक किलोग्राम नमक, एक किलोग्राम चीनी, 100 ग्राम चाय पत्ती, एक लीटर सरसों तेल, आधा किलोग्राम सूखा दूध, दो पैकेट बिस्कुट आदि शामिल हैं। मंगलवार को संस्था के सदस्य सुभाष गुप्ता, अंग्रेज सिंह सग्गू, आशु ग्रोवर, बंटी भंगू, रवि बिश्नोई पर आधारित टीम 300 परिवारों के लिए किट करके शाहकोट पहुंची। उक्त राशन सामग्री को प्रशासन को सौंपा गया। डबवाली से राशन सामग्री रवाना करते समय मौके पर नवदीप चलाना, कर्ण अरोड़ा, राजकुमार गिरधर, लविश कक्कड़, पवन वर्मा, विक्की मौजूद थे।
यह है शाहकोट की स्थिति, युवा अग्रवाल संगठन ने बढाए हाथ
शाहकोट प्रशासन के अनुसार उपमंडल में 196 गांव है। 56 गांवों में ज्यादा पानी है। 10 से 12 गांव ऐसे हैं, यहां हालात बदतर हैं। बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। उनके रहने के लिए अस्थाई घर बनाने के लिए तिरपाल की जरुरत है। प्रशासन की मांग को देखते हुए डबवाली के युवा अग्रवाल संगठन ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। सामाजिक संस्था अपने के साथ संगठन ने कदमताल शुरु की है। संगठन के प्रधान राजीव बांसल रिंकू ने बताया कि दिल्ली से वाटर प्रूफ 150 तिरपाल मंगवाई गई हैं। इसके अतिरिक्त 500 कैन पानी (एक कैन में पांच लीटर पानी) शाहकोट पहुंचाया जाएगा। रवि बिश्नोई ने आरओ पानी की निश्शुल्क सेवा की है।

No comments:
Post a Comment