हरियाणा में विश्वकर्मा जयंती पर किसानों को दिया अहम संदेश, प्रमाणीकरण बीज का प्रयोग जरूरी बताया
हिसार, 17 सितम्बर 2025
हरियाणा बीज विकास निगम (एचएसडीसी) हिसार में आज विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के पावन अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर निगम के चेयरमैन श्री देव कुमार शर्मा और हिसार नगर निगम के मेयर श्री प्रवीण पोपली ने संयुक्त रूप से हवन यज्ञ कर किसानों और अधिकारियों को संकल्प दिलाया कि वे नकली बीज से सावधान रहें और केवल प्रमाणित उच्च गुणवत्ता वाले बीज का उपयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन श्री देव कुमार शर्मा एवं मेयर श्री प्रवीण पोपली ने अमृता माता के नाम से पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए सभी से मिलकर स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए योगदान देने की अपील की।
श्री शर्मा ने किसानों और शेयरधारकों को आश्वस्त किया कि एचएसडीसी हमेशा उच्च गुणवत्ता वाले बारकोडयुक्त बीज उपलब्ध कराता रहेगा। उन्होंने बताया कि आगामी 21-22 सितम्बर को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू), हिसार में आयोजित किसान मेले में विशेष रूप से प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, हरियाणा सरकार द्वारा 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की सुविधा भी किसानों को दी जा रही है।
हिसार नगर निगम के मेयर श्री प्रवीण पोपली ने विश्वकर्मा जयंती के महत्व के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा सरकार के स्वच्छता अभियान की सराहना की और जनता से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रगतिशील शेयरधारक, किसान और निगम के पूर्व निदेशक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अंत में एचएसडीसी हिसार के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री राहुल दीप राणा ने सभी उपस्थित किसानों, शेयरधारकों, अधिकारियों और अतिथियों का धन्यवाद करते हुए यह वादा किया कि निगम किसानों को हर संभव सहयोग देगा।

No comments:
Post a Comment